संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव स्वीकार किया है जिसमें गजा पट्टी में फलिस्तीनियों को पहुंचाई जाने वाली जीवन रक्षक मानवीय सहायता को बढाने के लिए ठोस कदम उठाने के साथ-साथ इस सहायता को पहुंचाने वाले संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की गई है। संयुक्त अरब अमारात द्वारा तैयार किये गये प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र महासचिव से एक वरिष्ठ मानवीय और पुनर्निर्माण समन्वयक की नियुक्ति करने का आग्रह किया गया है। यह समन्वयक इस बात को सत्यापित करेगा कि गजा पट्टी में केवल मानवीय सहायता ही भेजी जा रही है।
समन्वयक, संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में एक तंत्र स्थापित करेगा जो गजा पट्टी में सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया को सुचारू बनाएगा और इसमें तेजी लाएगा। सुरक्षा परिषद ने ये मांग भी की कि सभी पक्ष वरिष्ठ समन्वयक के साथ सहयोग करें ताकि वह अपना कार्य बिना किसी बाधा के कर सकें। प्रस्ताव में सुरक्षित, अबाधित और अधिक मानवीय सहायता तत्काल भेजने और गजा पट्टी में संघर्ष स्थाई रूप से समाप्त करने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा गया है।
प्रस्ताव में मांग की गई है कि सभी पक्ष पूरी गजा पट्टी में उपलब्ध सभी मार्गों का इस्तेमाल करने की अनुमति दें। प्रस्ताव में सभी बंधकों की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग भी की गई है।