भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने बैंकों से कहा कि वे गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के साथ अपने सम्बन्धों का निरन्तर मूल्यांकन करें।
फिक्की और भारतीय बैंकों के संघ आई. बी. ए. द्वारा आज मुम्बई में संयुक्त रूप से आयोजित एफ.आई.बी.ए.सी-2023 वार्षिक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों को धन के स्रोतों को व्यापक बनाने और बैंकों पर निर्भरता कम करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋण बढने के मद्देनजर बैंकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि यह टिकाऊ बना रहे।