राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार ने बताया है कि पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न के मुद्दे को लेकर एनसीपी निर्वाचन आयोग जाएगी। उन्होंने आज दिल्ली में अपने आवास पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। अजित पवार द्वारा पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर दावा करने के बाद शरद पवार ने आज बैठक बुलाई। इसमें पीसी चाको, जितेंद्र आव्हा़ड, फौजिया खान, वंदना चव्हाण सहित एनसीपी के 13 नेता उपस्थित थे।
शरद पवार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि उनकी पार्टी निर्वाचन आयोग में अपना बयान देगी। बैठक के बाद एनसीपी नेता पी.सी. चाको ने घोषणा की कि पार्टी की कार्य समिति ने एनडीए में शामिल हुए प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे तथा नौ विधायकों को निष्कासित करने के शरद पवार के निर्णय को स्वीकृति दे दी है। पी.सी. चाको ने बताया कि समिति ने आज आठ प्रस्ताव पारित किए। समिति ने पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार में पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सभी राज्य़ समितियां शरद पवार के साथ हैं।
इस बीच, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने आज नरेन्द्र राणे को एनसीपी की मुम्बई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
