राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) का गणतंत्र दिवस शिविर 2024 आज दिल्ली छावनी के करियप्पा परेड मैदान में सर्वधर्म पूजा के साथ आरंभ हो गया। इस वर्ष विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कुल 2274 कैडेट एक माह तक चलने वाले इस शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष शिविर में 907 महिला कैडेट शामिल हो रही हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
रक्षा मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत 25 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भी इस वर्ष शिविर में शामिल होंगे। एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने कैडेटों से शिविर में खुले मन से भाग लेने का आह्वान किया और शिविर की गतिविधियों से अधिकतम लाभ लेने को कहा है। गणतंत्र दिवस शिविर का उद्देश्य कैडेटों में देश भक्ति, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करना है।