जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड-बीओएसई ने बुधवार को केन्द्र शासित प्रदेश के कठिन क्षेत्र के स्कूलों में पढने वाले 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक नियमित परीक्षा 2024 की दिनांक सूची जारी कर दी है। हमारे जम्मू संवाददाता ने खबर दी है कि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं चार अप्रैल 2024 से शुरू होकर 6 मई 2024 तक चलेंगी। इसी तरह 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 12 अप्रैल से शुरू होकर 16 मई तक चलेंगी। 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 8 अप्रैल से शुरू होकर 11 मई 2024 को समाप्त होंगी। जम्मू-कश्मीर के कठिन क्षेत्रों के लिए बीओएसई द्वारा जारी की गई दिनांक सूची में परीक्षा केन्द्र के नाम विद्यार्थियों को दिए जाने वाले एडमिट कार्ड में दर्शाए जाएंगे।
जम्मू-कश्मीर के सुलभ क्षेत्रों (सॉफ्ट जोन) 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाओं की शुरुआत 11 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रैल को समाप्त होंगी। इसी प्रकार इन क्षेत्रों में 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होकर 25 अप्रैल को समाप्त होंगी। 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 6 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक चलेंगी। कश्मीर संभाग के लगभग 444 विद्यालय और जम्मू संभाग के 309 विद्यालय कठिन क्षेत्र में आते हैं, वहीं करगिल जिले के सात क्षेत्र और समूचा लद्दाख कठिन क्षेत्रों में आता है।