अमेरिका के राष्ट्रपति जो-बाइडन ने कहा है कि इस्रायल और फलीस्तीनी आंतकी-समूह हमास के बीच जारी संघर्ष के कारण पैदा हुए तनाव को कम करने के प्रयासों के हिस्से के रूप में मिस्र मानवीय सहायता के लिए अपनी सीमा को खोलने पर सहमत है। इस सहमति के साथ 20 ट्रकों को गाजा में प्रवेश करने की अनुमति पर सहमति बनी है।
राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि उन्होंने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान उन्होंने इस मानवीय सहायता की अनुमति दी। अमेरिका के राष्ट्रपति इस्रायल से वापस लौटते समय अमेरिकी वायुसेना के विमान पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। जो-बाइडन इस महीने की 7 तारीख को फलीस्तीनी आतंकी समूह हमास के इस्रायल पर आतंकी हमले के बाद एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए वहां गए थे।
मिस्र के राष्ट्रपति ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने रफाह सीमा के जरिए गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के तरीकों पर फोन पर बातचीत की। मिस्र ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों के अधिकारी गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मानवीय संगठन के साथ समन्वय कर रहे हैं, जिसकी निगरानी संयुक्त राष्ट्र कर रहा है।
इस बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक इस्रायल-गजा संघर्ष के तनाव को कम करने के प्रयास में आज इस्रायल की यात्रा करेंगे। वे इस क्षेत्र के अन्य देशों में जाने से पहले इस्रायल जाएंगे। ऋषि सुनक ने एक बयान में कहा कि अल-अहली अस्पताल पर हमला इस क्षेत्र और विश्व भर के नेताओं के लिए हृदय विदारक क्षण होना चाहिए। उन्हें इस संघर्ष को और बढ़ने से रोकने के लिए एकजुट होना चाहिए।