भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तेग ने कल ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत सूडान में फंसे 288 भारतीयों को संकटग्रस्त सूडान से सफलतापूर्वक निकाला। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया है कि सऊदी अरब के जेद्दा जाने वाले भारतीय नागरिकों का यह 14वां जत्था है।
इससे पहले, पोर्ट सूडान में तैनात आईएनएस सुमेधा भी संकटग्रस्त देश सूडान से 300 यात्रियों के साथ जेद्दा के लिए रवाना हुआ था। सूडान से करीब 2,400 भारतीयों को निकाला गया है। ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत सरकार, सूडान से लगभग 3,000 भारतीय मूल के यात्रियों को निकालने के लिए तैयार है। ऑपरेशन कावेरी के तहत, सूडान से कुल 1,191 यात्रियों को निकाला गया है।
सूडान से आए भारतीय मूल के कुल 117 यात्रियों को क्वारंटाइन में रखा गया है, क्योंकि उन्हें येलो फीवर का टीका नहीं लगाया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इनमें कोई लक्षण नहीं पाए गए तो सभी यात्रियों की क्वारंटाइन की अवधि सात दिनों के बाद खत्म हो जाएगी।