भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की टीम 202 रन बनाकर ऑल आउट हुई। के.एल. राहुल ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के तेज़ गेंदबाज मार्को जेनसेन ने 4 विकेट लिए।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पीठ की चोट के कारण विराट कोहली टीम से बाहर हो गये हैं। उनकी जगह हनुमा विहारी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है जबकि कप्तानी की जिम्मेदारी टीम के उप-कप्तान के.एल.राहुल को सौंपी गयी है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने टीम में दो बदलाव किये हैं। क्विंटन डी कॉक और वियान मुल्डर की जगह काइल वेरिएन और डुआने ओलिवियर को टीम में जगह दी गई है।
भारतीय टीम अगर यह मैच जीतती है तो दक्षिण अफ्रीका में यह उसकी पहली टेस्ट श्रृंखला जीत होगी। भारत को इस मैदान पर कभी भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। वांडरर्स में अब तक भारत ने दो मैच जीते हैं जबकि तीन टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।