मध्यप्रदेश के खजुराहो में जी-20 संस्कृति कार्यसमूह की पहली बैठक इस महीने की 22 से 25 तारीख तक आयोजित की जाएगी। बैठक में संस्कृति और सेवाओं तक पहुंच को प्रोत्साहित करने और उसे सुगम बनाने पर दृष्टिकोण रखा जायेगा। साथ ही वर्तमान समय में उभरती प्रौद्योगिकी की क्षमता का उपयोग भावी पीढ़ियों के लिए संस्कृति को संरक्षित करने के लिए करना होगा।
वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद में संस्कृति और रचनात्मक उद्योग का तीन दशमलव एक प्रतिशत और रोजगार का 6 दशमलव दो प्रतिशत योगदान है।
नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन ने कहा कि कार्यसमूह की बैठक के दौरान उनका मंत्रालय जीवन-पर्यावरण के लिए जीवनशैली के विषय को रेखांकित करेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति कार्यसमूह विभिन्न विषयों पर चार बैठकें करेगा। गोविंद मोहन ने बताया कि बैठक के दौरान खजुराहो प्रदर्शनी और नृत्य महोत्सव का भी आयोजन किया जाना है।