उत्तरी मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई

उत्तरी मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और बीएसएफ ने 240 गांवों के 5,950 लोगों को बचाया है। अधिक लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। वायुसेना के हेलीकॉप्टरों भी बचाव और राहत कार्य में लगे हैं। अत्यधिक बारिश और बाढ़ से शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, ग्वालियर, भिंड में करीब 1 हजार से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। बारिश ने शिवपुरी में संचार व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाया है। इसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र से राहत कार्यों में हरसंभव सहायता मिल रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार भारी वर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मध्य प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने सभी की सुरक्षा और सलामती की कामना की।

Related posts

Leave a Comment