आज के अखबारों की सुर्खियां 14 जुलाई 2021

आज के अखबारों की सुर्खियां 14 जुलाई 2021

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मेादी की तोक्‍यो ओलिम्पिक जाने वाले 15 खिलाडियों से वर्चुअल बातचीत को अमर उजाला ने पहली ख़बर बनाते हुए लिखा है- प्रधानमंत्री ने की हौसला अफजाई, कहा- उम्‍मीदों को बोझ नहीं अपनी विजय का आधार बनाए। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है- भारत इस बार 119 खिलाडियों सहित 228 सदस्‍यीय दल भेजेगा।

पूर्वोत्‍तर के आठ राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों से बातचीत में प्रधानमंत्री की ये चिंता राष्‍ट्रीय सहारा में है- कि तीसरी लहर आएगी नहीं, लाई जाएगी और देश के कईं हिस्‍सों में हो रही है कोरोना नियमों के अनदेखी। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- नियम तोड़ मस्‍ती पर, प्रधानमंत्री ने दी नसीहत। पंजाब केसरी कहता है- पीएम ने पर्यटन स्‍थलों पर उमड़ी भीड़ पर जताया ऐतराज। कहा- नियमों का उल्‍लंघन मेहनत पर फेर देगा पानी।

सीरम इंस्‍टीट्यूट ऑफ इंडिया सितम्‍बर में शुरू करेगी रूस की वैक्‍सीन स्‍पुतनिक-वी का उत्‍पादन, इस उम्‍मीद को दैनिक ट्रिब्‍यून ने प्रमुखता से देते हुए लिखा है- हर साल तीस करोड़ से अधिक डोज का होगा उत्‍पादन। लोकसत्‍य की सुर्खी है- अब भारत में बनेगी स्‍पुतनिक-वी।

हिन्‍दुस्‍तान ने उत्‍तराखण्‍ड में कांवड़ यात्रा स्‍थगित किए जाने और मुख्‍यमंत्री के इस फैसले को दिया है कि पड़ोसी राज्‍यों से समन्‍वय स्‍थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। जनसत्‍ता कहता है- उत्‍तर प्रदेश में कोरोना नियमों के साथ होगी कांवड यात्रा।

दिल्‍ली में कल मानसून की पहली बारिश को सभी अख़बारों ने सचित्र दिया है। दैनिक भास्‍कर की पहली ख़बर है 19 वर्ष बाद दिल्‍ली में 16 दिन की देरी से पहुंचा मानसून। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- टूटा मानूसन का मौन, झमाझम का शोर बाकी। हिन्‍दुस्‍तान कहता है- दिल्‍ली में राहत, पहाड़ों में आफत।

1983 क्रिकेट विश्‍व कप विजेता टीम के स्‍टार खिलाड़ी यशपाल शर्मा के निधन पर क्रिकेट जगत में शोक की लहर सभी अख़बारों में है। राजस्‍थान पत्रिका देश के ‘यश’ ने न कभी हार मानी, न शून्‍य पर आउट हुए। दैनिक जागरण लिखता है- यशपाल की पारी में रखी थी विश्‍व कप जीत की नींव।

नीट की पीजी प्रवेश परीक्षा 11 सितम्‍बर को आयोजित किए जाने की जानकारी हिन्‍दुस्‍तान सहित सभी अख़बारों में है।

Related posts

Leave a Comment