बांग्लादेश में कोविड संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने सोमवार से कड़े लॉकडाउन की घोषणा की है। इस दौरान सभी सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहेंगे। आपात और चिकित्सा सेवाओं के अतिरिक्त किसी अन्य वाहन की अनुमति नहीं दी जाएगी। आवश्यक कार्य के बिना लोगों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी। लेकिन मीडिया संगठनों में काम करने वालों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इस संबंध में आज विस्तृत परिपत्र जारी किया जाएगा।
बांग्लादेश में हाल के सप्ताहों में कोविड संक्रमण में तेजी से वृद्धि हो रही है। कल 108 लोगों की मृत्यु कोविड से हुई जो पिछले साल मार्च में वायरस का पता लगने के बाद से एक दिन में हुई मौतों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है।