इजराइल ने कहा है कि मिस्र की सीमा से लगे रफा पर हमले के दौरान उसने अपने दो बंधकों को छुड़ा लिया है। इस्राइली रक्षा बल के बयान में कहा गया है कि छुड़ाए गए बंधकों का स्वास्थ्य ठीक है और उन्हें चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
इस्राइली अधिकारियों ने हमले का कोई ब्योरा नहीं दिया, लेकिन रक्षा मंत्री योआब गैलांट ने इस्राइली बंधकों को छुड़ाए जाने तक हमला जारी रखने का संकल्प लिया है। हमास के बंदूकधारियों ने सात अक्टूबर को दक्षिणी इस्राइल पर हमले के दौरान 1200 लोगों की हत्या कर दी थी और 240 लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद इस्राइल की सेना ने गजा पट्टी में कार्रवाई शुरू की थी। रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू से कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित किये बिना रफा पर हमले नहीं किये जाने चाहिए।