राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2023 प्रदान किए

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्‍ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम में राष्‍ट्रीय खेल और साहसिक पुरस्‍कार 2023 प्रदान किए हैं। क्रिकेट खिलाडी मोहम्‍मद शमी, शतरंज खिलाडी आर. वैशाली, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिती गोपीचंद स्‍वामी, गोल्‍फर दीक्षा डागर, कबड्डी खिलाडी पवन कुमार और ऋतु नेगी उन खिलाडियों में शामिल है जिन्‍हें अर्जुन पुरस्‍कार प्रदान किया गया है। इनके अलावा हॉकी खिलाडी कृष्‍ण बहादुर पाठक और पी सुशीला चानू, खो-खो खिलाडी नसरीन, लॉन बाल्‍स खिलाडी पिंकी, निशानेबाज ऐश्‍वर्य प्रताप सिंह और एशा सिंह, स्‍क्‍वैश खिलाडी हरिंदर पाल सिंह संधू, टेबल टेनिस खिलाडी आहिका मुखर्जी, पहलवान सुनील कुमार और अंतिम, वुशू खिलाडी एन रोशीबिना देवी, दृष्टिहीन क्रिकेटर इल्‍लूरी अजय कुमार रेड्डी, पैरा तीरंदाज शीतल देवी और पैरा केनोइंग खिलाडी प्राची यादव को भी अर्जुन पुरस्‍कार दिए गए हैं।

कुश्‍ती के प्रशिक्षक ललित कुमार, शतरंज के प्रशिक्षक आर बी रमेश, पैरा ए‍थलेटिक्‍स प्रशिक्षक महावीर प्रसाद सैनी, हॉकी के प्रशिक्षक शिवेन्‍द्र सिंह और अन्‍य प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्‍कार प्रदान किए गए। बैडमिंटन के लिए मंजूषा कंवर, हॉकी में विनीत कुमार शर्मा और कबड्डी में कविता सिल्‍वाराज को खेलों में जीवन भर की उपलब्धि के लिए ध्‍यानचंद पुरस्‍कार दिए गए।

समारोह में बेंगलुरू के जैन सम विश्‍वविद्यालय और ओडिसा खनन निगम लिमिटेड को राष्‍ट्रीय खेल प्रोत्‍साहन पुरस्‍कार दिए गए। इस अवसर पर साहसिक पुरस्‍कार 2023 भी प्रदान किए गए। खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति पुरस्‍कार समारोह में उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment