मध्य प्रदेश सरकार ने गुना दुर्घटना पर सख्त कार्रवाई करते हुए गुना के कलेक्टर तरुण राठी और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री का तबादला कर दिया है। इसके अलावा परिवहन विभाग के प्रधान सचिव का भी स्थानांतरण किया गया है। समय पर दमकल नहीं पहुंचाने के कारण गुना के जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
इस बीच बस हादसे की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यों वाली समिति का गठन किया गया है। जांच समिति हादसे के कारणों और जिम्मेदार विभागों की जांच सहित विभिन्न पहलुओं पर तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुना हादसे के दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बिना परमिट वाले वाहनों के मामले में सतर्क रहने को कहा गया है। इस संबंध में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।