संसद सत्र से 78 सांसदों का निलंबन अखबारों की बडी खबर है। पंजाब केसरी की सुर्खी है, एक दिन में 78 सांसद सस्पेंड, हंगामे की सजा। लोकसभा के 33 और राज्यसभा के 45 सांसद शामिल, अब तक 92 सांसद हुए निलंबित।
जनसत्ता की सुर्खी है लोकसभा में दूरसंचार विधेयक पेश। उपग्रह स्पेक्ट्रम के आवंटन के लिए गैर-नीलामी का मार्ग उपलब्ध कराने का प्रावधान। राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर दूरसंचार सेवाओं को अस्थाई तौर पर अपने नियंत्रण में ले सकती है सरकार। अवैध रूप से फोन सुने जाने पर तीन साल की जेल और दो करोड रुपये जुर्माना। हिन्दुस्तान का कहना है अनचाही कॉल पर पचास हजार रुपये तक जुर्माना, कॉलर पर भी प्रतिबंध संभव।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी द्वारा स्वरवेद महामंदिर के उद्घाटन पर राजस्थान पत्रिका का शीर्षक है- विश्व का सबसे बडा सेंटर, एक साथ बीस हजार लोग कर सकते हैं योग। वेद, उपनिषद, महाभारत, रामायण और गीता के 138 प्रसंग बाहरी दीवार पर।
हिन्दुस्तान सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हवाले से लिखता है एक हजार वाहन कबाड केंद्रों की जरूरत। वाहन कबाड नीति पर सही अमल के लिए 400 स्वचालित फिटनेस टेस्टिंग सेंटर की आवश्यकता।
अमर उजाला की सुर्खी है शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 21 प्रतिशत बढकर 13 लाख 70 हजार करोड रुपये हुआ, बजट अनुमान का 75 प्रतिशत। वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड ने कहा राजकोषीय घाटे का लक्ष्य पा लेगी सरकार।
दैनिक जागरण ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन का उल्लेख करते हुए लिखा है गूगल प्ले स्टोर से हटाए गए ढाई हजार लोन एप। वित्त मंत्री ने लोकसभा में दी यह जानकारी। प्ले स्टोर पर केवल उन्हीं एप को जारी करने की अनुमति है जो विनियमित संस्थाओं द्वारा जारी किए गए है या उनके साथ साझेदारी में काम कर रहे हैं।