राजस्थान विधानसभा चुनाव में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ

राजस्थान विधानसभा चुनाव में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव विभाग की ओर से कल देर रात जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार 74 दशमलव नौ-छह प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान के अंतिम आंकड़े आज जारी किये जायेंगे। जैसलमेर के पोकरण में सबसे अधिक 87 दशमलव सात-नौ तथा अलवर के तिजारा में 85 दशमलव एक-पांच प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ है।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। राज्य की कुल 200 सीटों में से 199 सीटों पर वोट डाले गये। श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर एक प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया। शाम छह बजे तक करीब 69 प्रतिशत मतदान की खबर है। जैसलमेर के पोखरण में 81 प्रतिशत से अधिक और अलवर के तिजारा में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। डूंगरपुर के आसपुर विधानसभा सीट की दामडी बूथ पर एक सौ तीन वर्ष की महिला ने जबकि चित्तौडगढ के बेंगू विधानसभा सीट के एक मतदान केन्‍द्र पर एक सौ एक वर्ष की बुजुर्ग महिला ने वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति आस्था जतायी।

वोटिंग समाप्त होने के साथ ही कई दिग्गज नेताओं समेत कुल 1 हजार 862 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। इनमें प्रमुख नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला तीन दिसम्बर को मतगणना के बाद होना है, उनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़, प्रतिपक्ष के उप नेता सतीश पूनिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पालयट, रघु शर्मा और हरीश मीना, हरीश चौधरी, भाजपा के सांसद- बालकनाथ, राज्यवर्धन राठौड, नरेंद्र कुमार, किरोड़ी लाल मीणा, दिया कुमारी, भागीरथ चौधरी और देवजी पटेल के नाम प्रमुख हैं। इस चुनाव में मतदाताओं के जोश और मतदान के आंकड़ों को देखकर लग रहा है कि इस बार वोट डालने के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ मतदाता एक नई इबारत लिखेंगे।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर प्रशासन द्वारा जानबूझकर मतदान धीमा करवाने की शिकायत दर्ज करायी है।

Related posts

Leave a Comment