दिल्ली सरकार इस वर्ष छठ पूजा के लिए पूरी दिल्ली में एक हजार से अधिक घाट बनाएगी। अधिकारियों को अंतिम समय पर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली किसी प्रकार की असुविधा से दूर रखने के लिए पहले से ही छठ पूजा की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार विभिन्न जिलों में छठ घाटों के लिए स्थानों की पहचान करके घाटों के निर्माण कार्य शुरू करने को कहा गया है। अधिकारियों को स्थानीय छठ पूजा समितियों के साथ बैठक के जरिए सुझाव लेकर इस त्यौहार के सफल आयोजन करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इन घाटों पर पीने के स्वच्छ पानी, टेंट, बिजली, विश्राम कक्ष, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, पावर बैकअप और श्रद्धालुओं के लिए सी सी टी वी कैमरा जैसी आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी। कई घाटों पर मैथिली-भोजपुरी अकादमी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।