भारतीय मूल के अर्थशास्त्री और पूर्व वरिष्ठ मंत्री थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर के राष्ट्रपति पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। परिणामों की घोषणा शुक्रवार मध्यरात्रि के बाद की गई। थर्मन शनमुगरत्नम ने 2011 के बाद से देश के पहले राष्ट्रपति पद के चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए। छियासठ वर्षीय थर्मन शनमुगरत्नम ने 2011 से 2019 तक सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। वह 2001 में राजनीति में शामिल हुए थे। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र में भी कार्य किया और मंत्री पद पर भी आसीन रहे।
थर्मन शनमुगरत्नम सिंगापुर के तीसरे भारतीय मूल के राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले भारतीय मूल के सेल्लापन रामनाथन और चेंगारा वीटिल देवन नायर भी राष्ट्रपति बन चुके हैं। मतदान 27 लाख से अधिक मतदाताओं द्वारा वोट डालने के साथ ही समाप्त हो गया। सिंगापुर वासियों ने शुक्रवार को एक दशक से भी अधिक समय में देश के पहले राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान किया।