मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया

उत्तराखंड के कई हिस्सों में रात से भारी से मध्यम बारिश हो रही है। इससे राज्य की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। भारी बारिश और भूस्‍खलन के कारण चमौली जिले के कई स्‍थानों पर बद्रीनाथ और उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्‍ट्रीय राजमार्ग भूस्‍खलन के कारण अवरुद्ध हो गये हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, चंपावत, टिहरी, नैनीताल, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार और चंपावत के जिला प्रशासन ने आज सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और 12वीं कक्षा तक के सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है।

कल रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ऋषिकेश के आसपास के इलाकों में कई जगहों पर जलभराव हुआ। आईडीपीएल, श्यामपुर, गुमानी वाला, खारा स्रोत में बारिश के पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ। एसडीआरएफ के प्रवक्ता ने बताया, ”एसडीआरएफ की टीमें सभी जगहों पर बचाव कार्य में लगी हुई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।”

Related posts

Leave a Comment