संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित हो गई है। लोकसभा में पहले स्थागन के बाद दो बजे कार्यवाही फिर शुरू होने पर कांग्रेस, डीएमके, जनता दल यूनाइटेड तथा तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी सदस्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए। वे मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग कर रहे थे। हंगामे के बीच संसद ने चलचित्र संशोधन विधेयक-2023 पारित कर दिया। हंगामा जारी रहने पर पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दिया। इससे पहले सुबह शुरू हुई कार्यवाही में भी गतिरोध जारी रहा। अध्यक्ष ओम बिडला ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन हंगामे के कारण यह संभव न हो सका। उन्होंने कार्यवाही दिन के दो बजे तक के लिए स्थागित कर दी।

राज्यसभा में चौथे स्थागन के बाद तीन बजकर तीस मिनट पर कार्यवाही फिर शुरू होने पर कांग्रेस , तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी तथा वामदल सहित विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने फिर कहा कि सरकार मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और इस मुद्दे को तुरंत उठाया जाना चाहिए। लेकिन गतिरोध जारी रहने पर सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थागित कर दी गई। इससे पहले तीसरे स्थागन के बाद दो बजकर तीस मिनट पर कार्यवाही फिर से शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही।

सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी नारे लगाए। सभापति जगदीप धनखड़ ने हंमागे के बीच मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर अल्पकालिक चर्चा शुरू करने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी सदस्य सभी कार्य स्थागित कर नियम-267 के तहत चर्चा करने और इस पर प्रधानमंत्री के बयान की मांग पर अड़े रहे। हंमागा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही तीन बजकर तीस मिनट तक स्थागित कर दी गई। पहले स्थागन के बाद 12 बजे कार्यवाही फिर शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने मणिपुर मुद्दे पर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। सभापति जगदीप धनखड़ ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा जारी रहने पर कार्यवाही दो बजे के लिए स्थागित कर दी गई।

आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, आम आदमी पार्टी तथा अन्य विपक्षी सदस्यों ने सभी विधायी कार्य स्थागित कर नियम-267 के तहत मणिपुर मुद्दे पर चर्चा की मांग की। सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार आज चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने फिर कहा कि विपक्षी दल मणिपुर मुद्दे पर सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग कर रहे है। हंगामा जारी रहने पर दोपहर बारह बजे के लिए सदन की कार्यवाही स्थागित कर दी गई।

Related posts

Leave a Comment