नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की और भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने दोनों राज्यों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है।
मौसम विभाग ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंडी में ऐतिहासिक पुल ढह गया। मंडी में भारी बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा। पानी के तेज बहाव के कारण एक कार बह गई। भारी बारिश के कारण कुल्लू के मणिकर्ण में पार्वती नदी में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
पंजाब में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और राज्य के अधिकतर हिस्सों में पिछले 48 घंटों में कहीं मध्यम और कहीं भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने राज्य के मोहाली, बस्सी पठानस, खरर, फतेहगढ़ साहिब, डेराबस्सी और राजपुरा क्षेत्रों के लिए भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच, इन इलाकों में भारी वर्षा के साथ तेज आंधी की भी चेतावनी दी गई है। राज्य के कुछ जिलों में वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भाखड़ा बांध और कुछ नदियों में जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वालों लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।