उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जबलपुर में गैरीसन मैदान में करीब 15 हजार लोगों के साथ योगासन किया

नौवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश के जबलपुर में पूरे उत्साह के साथ किया गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गैरीसन मैदान में करीब 15 हजार लोगों के साथ योगासन किए। जबलपुर में इस वर्ष के योग दिवस के थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’ के तहत विभिन्न स्थानों पर आयोजित योगाभ्यास में डेढ़ लाख से भी अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और अनेक केंद्रीय मंत्रियों ने भी मुख्य कार्यक्रम में योगासन किए।

जगदीप धनखड़ ने कहा कि योग मस्तिष्क, शरीर और आत्मा को एक करता है और यह ऐसा बीमा है जिसपर कोई खर्च नहीं आता। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर खुशी का स्रोत है। योग को स्वस्थ जीवन का मंत्र बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है और योग इसे हासिल करने का सबसे बड़ा माध्यम है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में योग को शिक्षा प्रणाली में शामिल किया जाएगा। हर दिन योग करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इससे शरीर को ऊर्जा तथा निरंतर कार्य करने की हिम्मत मिलती है।

Related posts

Leave a Comment