पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का कल मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित अनेक नेताओं ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
भारतीय राजनीति की महान हस्ती, विलक्षण राजेनता, पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल का 95 वर्ष की उम्र में मंगलवार रात निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केन्द्र सरकार ने आज और कल दो दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, और सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।
स्वतंत्रता के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक प्रकाश सिंह बादल ने साल 1947 में राजनीति में आये थे। मोदी सरकार ने उन्हें 2015 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। उन्हें पंजाबी भाईचारा बनाए रखने के प्रयासों के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। उन्हें सरपंच से मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया था। वे पंजाब के सबसे युवा और उम्रदराज मुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने पहली बार 1970 में 43 साल की उम्र में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
प्रधानमंत्री ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा: “प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वे भारतीय राजनीति की एक महान हस्ती थे, और एक महत्वपूर्ण राजनेता थे जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक परिश्रम किया और कठिन समय में राज्य को सहारा दिया। प्रकाश सिंह बादल का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके साथ कई दशकों तक मेरा निकट संपर्क रहा है और उनसे बहुत कुछ सीखा है। मुझे उनके साथ कई बातचीत याद आती हैं, जिसमें उनकी बुद्धिमत्ता हमेशा स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”