बढ़ते कोविड संक्रमण को देखते हुए कई देशों ने चीन से आने वाले यात्रियों के लिए नए दिशा-निर्देशों की घोषणा की है। इनमें निगरानी और आरटी-पीसीआर जांच बढाना शामिल है। चीन द्वारा सोमवार को कोविड से जुड़े कड़े नियमों में ढील देने की घोषणा के बाद इन देशों ने ये कदम उठाया है। चीन ने आठ जनवरी से अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए अनिवार्य क्वारंटीन समाप्त करने की घोषणा की है।
अमेरिका ने कल कहा था कि पांच जनवरी से चीन से आने वाले यात्रियों के लिए नेगेटिव जांच रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा और यह रिपोर्ट प्रस्थान से दो दिन से अधिक पहले की नहीं होनी चाहिए। प्रस्थान से 10 दिन पहले कोरोना से संक्रमित हुए यात्रियों के मामले में नेगेटिव जांच रिपोर्ट के स्थान पर स्वस्थ होने का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
जापान ने भी चीन से आने वाले यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर जांच अनिवार्य कर दी है। मलेशिया और ताइवान ने भी चीन से आने वाले यात्रियों के लिए भी निगरानी और आरटी-पीसीआर जांच की घोषणा की है। भारत ने चीन और कोविड संक्रमण की अधिकता वाले देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी और चिकित्सीय जांच करने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने चीन जाने वाले यात्रियों को रवाना होने से 48 घंटे पहले न्यूक्लिक एसिड जांच कराने की सलाह दी है।