दिल्ली MCD चुनाव की घोषणा के बाद अवैध पोस्टर, होर्डिंग और बैनर हटाए गए, आज नामांकन के अंतिम दिन 600 से अधिक नामांकन पत्र दाखिल हुए

दिल्‍ली नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन आज लगभग 600 से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के लिए प्रत्‍याशियों की अधिक संख्‍या की सम्‍भावना को देखते हुए, राज्‍य चुनाव आयुक्‍त ने सभी पर्यवेक्षकों, जिला चुनाव अधिकारियों, पुलिस उपायुक्‍तों और चुनाव अधिकारियों को पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 नवम्‍बर है। 250 वार्ड के लिए दिल्‍ली नगर निगम चुनाव चार दिसम्‍बर को होंगे, वोटों की गिनती 7 दिसम्‍बर को की जाएगी।

दिल्ली में नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद अवैध पोस्टर, होर्डिंग और बैनर हटाए गए

दिल्ली में नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में निगम द्वारा आज 33 हजार चार सौ 21 अवैध पोस्टर, सात हजार छह सौ से अधिक होर्डिंग और करीब दो हजार छह सौ बैनर हटाए गए। उल्लेखनीय है कि चुनावी घोषणा के बाद दिल्ली नगर निगम अवैध पोस्टर, होर्डिंग और बैनर हटाने पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। निगम द्वारा शहर में अब तक कुल चार लाख 14 हजार से अधिक अवैध पोस्टर, 1 लाख 47 हजार आठ सौ से अधिक होर्डिंग और 52 हजार सात सौ 17 बैनर हटाए जा चुके हैं। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग द्वारा चुनाव तारीखों की घोषणा के बाद से राजधानी में आदर्श आचार संहिता लागू है।

Related posts

Leave a Comment