प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में 36वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राष्ट्रीय खेलों का यह मंच खिलाडि़यों के लिए एक लॉन्चिंग पैड का काम करेगा।
नेशनल गेम्स का ये प्लेटफॉर्म आप सभी के लिए एक नया लॉन्चिंग पैड का काम करेगा। मैं इन खेलों में शामिल हो रहे, सभी खिलाडियों को मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब आयोजन इतना अद्भुत और अद्वितीय हो तो उसकी ऊर्जा असाधारण ही होगी।
विश्व का सबसे बड़ा स्टेडियम, विश्व इतना युवा देश और देश का सबसे बड़ा खेल उत्सव, जब आयोजन इतना अद्भुत और अद्वितीय हो तो उसकी ऊर्जा ऐसी ही अवसाधारण होगी। देश के 36 राज्यों से सात हजार से ज्यादा ऐथिलेट्स, 15 हजार से ज्यादा प्रतिभागी, 35 हजार से ज्यादा कॉलेज, यूनिवर्सिटी और स्कूलों की सहभागिता और पचास लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स का नेशनल गेम्स से सीधा जुडाव, यह अद्भुत है, यह अभूतपूर्व है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी स्टेडियम से खिलाडियों को बडा लाभ मिलेगा।
आज आप यहां जिस स्टेडियम में जिस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मौजूद हैं, इसकी विशालता और आधुनिकता भी एक अलग प्रेरणा का कारण है। ये स्टेडियम तो दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है हि साथ ही सरदार पटेल स्पोर्ट्स एंक्लेव और कॉम्प्लेक्स भी कई मायनों में सबसे अनूठा है। सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबॉल, हॉकी, बास्किट बॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग और लॉन टेनिस जैसे अनेकों खेलों की सुविधा, एक साथ उपलब्ध हैं। यह एक तरह से पूरे देश के लिए मॉडल है।
राष्ट्रीय खेल पहली बार गुजरात में आयोजित किए जा रहे हैं।