गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में जब तक अत्याचार, हिंसा, भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज खत्म नहीं हो जाता, तब तक भाजपा वहां अपनी लड़ाई जारी रखेगी। वे आज उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सिलीगुड़ी के रेलवे संस्थान मैदान में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अफवाह फैला रही है कि नागरिकता-संशोधन अधिनियम लागू नहीं होगा।
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल को कई योजनाओं के लाभ से वंचित कर वहां के लोगों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पेट्रोल और बिजली की कीमतें पूरे देश की तुलना में सबसे अधिक है। यहां पेट्रोल पर 25 प्रतिशत जीएसटी और 13 रुपये कर लगाया जाता है। गृहमंत्री ने कहा कि आज भी बंगाल के गरीब लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि बंगाल के हर गरीब को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिल सकता है, लेकिन वह इससे वंचित रह जाता है।
अमित शाह के दार्जिलिंग में विभिन्न राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने की भी संभावना है।
गृहमंत्री ने सुंदरबन के दुर्गम इलाकों की रक्षा के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा पर तीन तैरने वाली सीमा चौकियों का उद्घाटन किया। सतलुज, कावेरी और नर्मदा नाम की इन चौकियों का निर्माण कोच्चि शिपयार्ड ने किया है। ये आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा उपकरणों से लैस है। इनका आगे का हिस्सा बुलेट प्रूफ है।
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की दो दिन की यात्रा के पहले दिन आज तैरने वाली नौका एम्बुलेंस को भी रवाना किया। अमित शाह ने मैत्री संग्रहालय की आधारशिला भी रखी।
