ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया पेईचिंग शीतकालीन ओलिम्पिक 2022 के राजनयिक बहिष्कार में अमरीका के साथ शामिल हो गए हैं। ये सभी देश चीन में मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर पेईचिंग ओलिम्पिक का बहिष्कार कर रहे हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने घोषणा की कि ब्रिटिश सरकार का कोई भी मंत्री शीतकालीन ओलिम्पिक में शामिल नहीं होगा।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि चीनी सरकार द्वारा लगातार मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर विश्व के अनेक देश चिंतित हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कनाडा से कोई भी राजनयिक प्रतिनिधित्व पेईचिंग ओलिम्पिक के लिये नहीं जायेगा।
इससे पहले कल ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि पेईचिंग खेलों का राजनयिक बहिष्कार ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय हित में है।