दक्षिणी चीन सागर में चीन और फिलीपीन्स के बीच गतिरोध के चलते अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फिलीपीन्स की नौकाओं पर चीन की ओर से पानी की बौछारें करना खतरनाक, अन्यायपूर्ण और उकसावे वाली कार्रवाई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि फिलीपीन्स के जहाजों पर सशस्त्र हमला अमेरिका को अपनी रक्षा संबंधी वचनबद्धता को पूरा करने के लिए मजबूर कर देगा। अमेरिका ने कहा है कि दक्षिणी चीन सागर में अवैध दावों को पुख्ता करने के लिए चीन की गतिविधियों को वह इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को नजरअंदाज करने की कार्रवाई मानता है।
एक बयान में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधे तौर पर खतरा बनी कार्रवाइयों के बीच अमेरिका, फिलीपीन्स के साथ अपने समझौते पर अडिग है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलीपीन्स के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में उसकी वैध गतिविधियों के बीच चीन को दखल नहीं देना चाहिए।
अमेरिका के रक्षामंत्री लायड ऑस्टिन ने फिलीपीन्स के रक्षामंत्री डेलफिन लॉरेंजाना के साथ फोन पर बातचीत में रक्षा संबंधी अमेरिकी प्रतिबद्धताओं को दोहराया और कहा कि वे अपने सहयोगी देश का साथ देने का वचन देते हैं। दोनों नेता दक्षिणी चीन सागर में शांति और स्थिरता की अहमियत पर सहमत हुए और आने वाले समय में एक दूसरे के गहरे संपर्क में रहने का संकल्प लिया।