केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आज 19 राज्यों के प्रधान सचिवों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशकों के साथ कोविड स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी राज्यों से अगले कुछ दिनों में टीकाकरण में तेजी लाने को कहा ताकि 100 करोड टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। केन्द्रीय मंत्री ने लोगों से त्यौहारों के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री मांडविया ने कहा कि महामारी पर काबू पाने के लिए कोविड दिशा-निर्देशों का पालन और टीकाकरण में तेजी लाने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विभिन्न राज्यों के पास कोविड रोधी टीके की 8 करोड से भी ज्यादा डोज अभी भी उपलब्ध है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने भी राज्य सरकारों से त्यौहारों के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का कडाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने राज्य और केन्द्रशासित प्रदेशों की सरकारों से स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एसओपी पर अमल करने की आवश्यकता पर बल दिया।
