तेलंगाना में स्कूल खुलने के बाद से पिछले दो दिनों में शिक्षकों और छात्रों के कोविड से संक्रमित होने के मामले सामने आए हैं। स्कूल कर्मचारियों और छात्रों को कोविड होने से शिक्षा से जुड़े अधिकारी चिंतित हैं। गुरूकुलों सहित सरकारी और प्राइवेट आवासीय स्कूलों को छोड़कर सभी स्कूल पहली सितंबर से खोल दिए गए थे।
मुलुगु जिले में तीन शिक्षकों के संक्रमित पाये जाने के बाद पूरे राज्य में शैक्षणिक संस्थानों से कोविड संक्रमण के और मामलों का पता चला है। नारायणपेट जिले में दो अलग-अलग स्कूलों में पढ़ रही दो बहनें कोरोना से संक्रमित पाई गई हैं। निज़ामाबाद और भद्राद्री कोठागुडम जिलों के स्कूलों में पहले ही कोविड संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। ताजा मामले में नारायणपेट जिले के कोसिगी मंडल में मिर्जापुर गांव में जिला परिषद हाई स्कूल के 10वीं कक्षा का एक छात्र पॉजिटिव पाया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार दोनों ही स्कूलों के परिसरों को सेनिटाइज किया जा चुका है।
यदाद्री भुवनगिरी जिले के वेंगापल्ली गांव में कल जेड.पी.एच.एस. के तीन शिक्षक पॉजिटिव पाये गये। इस बीच राज्य के मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों, ड्राइवरों, मध्याह्न भोजन से जुड़े कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों सहित सभी लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।