37वें राष्‍ट्रीय खेलों में महाराष्‍ट्र 114 पदकों के साथ पहले और हरियाणा 50 पदकों के साथ दूसरे स्‍थान पर

गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों में महाराष्‍ट्र 47 स्‍वर्ण सहित 114 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर है। हरियाणा 50 पदकों के साथ दूसरे और सर्विसेस 33 पदक लेकर तीसरे स्‍थान पर है।

महाराष्ट्र के तेजस अशोक शिरसे ने अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ तेरह दशमलव आठ सेकैंड में पूरा करके नया राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड बनाया। उत्तर प्रदेश की प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल में 1 घंटा 36 मिनट 35 सेकैंड का समय लेकर नया राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड कायम किया।

महिलाओं की 3एम स्प्रिंगबोर्ड का स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश की पलक शर्मा ने जीता और पुरुष वर्ग में सर्विसेज के एच लंदन सिंह ने स्‍वर्ण पदक प्राप्‍त किया। महिलाओं की आधुनिक पेंटाथलॉन स्‍पर्धा में मध्य प्रदेश की आध्या सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया और पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के मयंक चापेकर ने स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया।

आज विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच हॉकी के कड़े मुकाबले खेले जा रहे हैं। पुरुष हॉकी में महाराष्ट्र, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल का दबदबा रहा जबकि महिला हॉकी में हरियाणा और झारखंड ने अपने विरोधियों पर धाक जमाई।

Related posts

Leave a Comment