हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात जारी है।

शिमला जिले में नारकंडा के पास हाटू पीक, मंडी जिले में शिकारी देवी और सिरमौर जिले में चूड़धार बर्फ की चादर के रूप में परिवर्तित हो गए हैं और रोहतांग दर्रे में भी हिमपात हुआ है। दारचा और सरचू में बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग बाधित हो गया है।

आज सुबह से राजधानी शिमला समेत प्रदेश के मैदानी और मध्य क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। तूफान के कारण कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति में बाधा पड़ी है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और पूरे प्रदेश में शीत ऋतु की शुरुआत हो गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक केलांग, कल्पा और डलहौजी में तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान एक दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related posts

Leave a Comment