हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा- राज्य में 14 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा में 14 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं जबकि पंजाब में केवल गेहूं, धान और गन्ने की खरीद एमएसपी पर हो रही है। आज चंडीगढ़ में उन्होंने मीडिया से कहा कि भाव अंतर भरपाई योजना हरियाणा सरकार की एक सराहनीय योजना है जिससे किसानों को लाभ हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि लोकतंत्र में हर एक को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है लेकिन यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों का दिल्ली चलो प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित नजर आता है।

प्रदर्शन में ट्रैक्टरों का उपयोग न केवल दिल्ली के लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए असुविधाजनक साबित हो रहा है। उन्होने कहा कि किसानों को रेलगाड़ी और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से दिल्ली तक आना चाहिए और अपनी बात रखते हुए औरों की सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और पंजाब की सुरक्षा एजेंसियां, कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हैं। संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रश्न पर कहा कि राज्य सरकार किसानों से उनकी इच्छा के अनुसार और ई-भूमि दरों पर ही जमीन खरीद रही है। इससे किसानों को सीधा लाभ हो रहा है तथा उनके साथ किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है।

Related posts

Leave a Comment