संसद के वर्षाकालीन सत्र से पहले सरकार की सर्वदलीय बैठक आज नई दिल्ली में आयोजित हुई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, कांग्रेस के सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे और जयराम रमेश और तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने बैठक में भाग लिया। संसद के दोनों सदनों के सुचारू संचालन में सभी राजनीतिक दलों के सहयोग के लिए ये बैठक बुलाई गई है।
बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि 35 राजनीतिक दलों के नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया।
राज्य सभा के सभापति एम० वेंकैया नायडू भी आज उपरी सदन में विभिन्न दलों के सदन नेताओं के साथ बैठक करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कल सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। संसद का सत्र कल से शुरू हो रहा है और यह सत्र बहुत ही महत्वपूर्ण होगा।
संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। सत्र के दौरान कुल 18 बैठकें होंगी। यह सत्र इसलिए भी महत्वपर्ण है क्योंकि इस दौरान राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद का चुनाव कराया जायेगा। राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होगा जबकि उपराष्ट्रपति का चुनाव अगले महीने की छह तारीख को किया जायेगा। सत्र के दौरान कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों के पेश किये जाने की संभावना है जिसमें परिवार न्यायालय संशोधन विधेयक, वन संरक्षण संशोधन विधेयक और प्रेस और पत्र-पत्रिका पंजीकरण विधेयक 2022 शामिल हैं। वहीं मॉनसून सत्र में विपक्ष द्वारा महंगाई, अग्निपथ योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के उठाये जाने की संभावना है।