जम्मू कश्मीर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहलगाम और बालताल के आधार शिविरों के लिए आज तड़के भगवती नगर यात्री निवास जम्मू से श्री अमरनाथ जी तीर्थ के लिए पांच सौ से अधिक तीर्थयात्रियों का 35वां जत्था रवाना हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुल 534 तीर्थयात्री जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुए।
इसके साथ, 30 जून से अब तक एक लाख अड़तालीस हजार पांच सौ तेईस तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। श्री अमरनाथ जी यात्रा के केवल 34 दिनों की अवधि में ही चार लाख उन्नीस हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में बहुत अधिक है। यात्रा के लिए रिकॉर्ड पंजीकरण संख्या, तीर्थयात्रा करने वाले भक्तों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि का संकेत देती है।
दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित इस तीर्थ स्थल के लिए 62 दिनों की वार्षिक तीर्थ यात्रा का आरंभ गांदरबल जिले में बालताल और अनंतनाग जिले में पहलगाम के दोहरे मार्ग से पहली जुलाई को शुरु हुई थी। यह तीर्थ यात्रा श्रावण पूर्णिमा रक्षा बन्धन पर्व के दिन 31 अगस्त को समाप्त होगी।