आज विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस है। विश्वभर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से हर वर्ष 10 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने कहा है कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों का विशेष महत्व है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बेंगलुरू में आज निमहंस में आयोजित विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस समारोह में बोलते हुए मनसुख मांडविया ने यह बात कही।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 मनसुख मांडविया का कहना है कि निमहंस जैसी संस्थाओं को समाज और सरकार के बीच एक पुल के तौर पर काम करना चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी नियम बनाने में निमहंस के योगदान का महत्व उन्होंने समझाया। मंत्री ने कहा है कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में हीन भावना है, जिसके निवारण के लिए काम करना आवश्यक है। इस संदर्भ पर बात करते हुए राज्य स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 सुधाकर ने जानकारी दी कि कोविड संक्रमण के समय निमहंस द्वारा 24 लाख लोगों को काउंसलिंग सुविधा प्रदान की गई थी।