विदेश सचिव विनय मोहन क्‍वात्रा ने फ्रांस में विदेश मामलों के मंत्रालय की महासचिव के साथ विदेश विभाग को लेकर बैठक की

विदेश सचिव विनय मोहन क्‍वात्रा ने कल फ्रांस में वहां के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्रालय की महासचिव एन-मेरी डेसकोटेस के साथ विदेश विभाग से संबंधित मुद्दों पर मंत्रणा के लिए बैठक की सह-अध्‍यक्षता की। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच संस्‍थागत वार्ता के तौर-तरीकों,असैनिक परमाणु सहयोग, संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के कार्यकाल के संपन्‍न होने के परिप्रेक्ष्‍य में मिलकर काम करने, लोगों के बीच आपसी संपर्क और सांस्‍कृतिक संबंध सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने जलवायु और ऊर्जा संक्रमण, स्‍वास्‍थ्‍य और त्रिपक्षीय सहयोग सहित वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। यह भी कहा गया है कि दोनों पक्षों ने जिन सामयिक मुद्दों पर विचार विनिमय किया उनमें भारत की जी-20 की अध्‍यक्षता, यूक्रेन संघर्ष और अफगानिस्‍तान में सुरक्षा की स्थिति शामिल हैं। विनय मोहन क्‍वात्रा ने भारत, फ्रांस और संयुक्‍त अरब अमीरात की त्रिपक्षीय वार्ता से संबंधित बैठक में भी भाग लिया। विदेश सचिव फ्रांस की तीन दिनों की यात्रा पर हैं जो आज संपन्‍न हो रही है। यह यात्रा दिल्‍ली में पिछले महीने की पांच तारीख को राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और फ्रांस के राष्‍ट्रपति के राजनयिक सलाहकार की इमैनुअल बोन के बीच 36वीं सामरिक वार्ता के ठीक बाद हो रही है।

Related posts

Leave a Comment