राष्‍ट्रपति ने राष्‍ट्रीय पंचायत पुरस्‍कार प्रदान किये, कहा देश के गांव पूरे भारत के विकास की बुनियादी इकाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह का उद्घाटन किया। उन्‍होंने इस अवसर पर ‘पंचायतों को प्रोत्‍साहित करने के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन और पुरस्कार समारोह’ में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के गांव पूरे भारत के विकास की बुनियादी इकाई हैं और उन्‍हें सर्वप्रथम विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपने गांव को अपनी सुविधा के अनुसार विकसित करने का अधिकार होना चाहिए।

राष्ट्रपति मुर्मु ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांवों में शांति और सद्भाव बनाए रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

पंचायती राज मंत्रालय 24 अप्रैल को निर्धारित राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के क्रम में आजादी का अमृत महोत्सव के दूसरे चरण के हिस्से के रूप में आज से 21 अप्रैल तक राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह मना रहा है। मंत्रालय इस अवसर को यादगार बनाने के लिए “पंचायतों के संकल्प की सिद्धि का उत्सव” की विषयवस्‍तु पर आधारित कई सम्मेलनों की एक श्रृंखला आयोजित कर रहा है।

हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस कार्यक्रम में देश भर से एक हजार 500 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment