राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन, मतदान शनिवार को

राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जायेगा। विभिन्न राजनीतिक दल प्रचार के अंतिम दिन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज राजसमंद जिले के देवगढ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह चित्तौड़गढ के निम्बाहेडा और नाथद्वारा में रोड़ शो करेंगे।

भाजपा नेता और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जयपुर के झोंटवाडा में रोड़ शो जबकि मालाखेडा में जनसभा करने का कार्यक्रम है।

इसके अलावा, भाजपा की ओर से वसुंधरा राजे, गजेंद्र सिंह शेखावत, ओम माथुर, मनोज तिवारी, संजीव बालियान, एकनाथ शिंदे, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, राजेंद्र राठौड़ समेत केंद्र सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता आज पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं और रोड़ शो करेंगे।

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज जोधपुर के विभिन्न इलाकों में चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता सचिन पायलट का अजमेर, मसूदा और झालावाड में जनसभाएं करने का कार्यक्रम है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, मोहन प्रकाश, सी.पी. जोशी, जितेंन्द्र सिंह भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। बसपा, राष्टीय लोकतांत्रिक पार्टी, आजाद समाज पार्टी, सीपीआई-एम समेत अन्य पार्टियों के शीर्ष नेता भी आज चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे।

Related posts

Leave a Comment