राजधानी दिल्ली में हो रही मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आपात बैठक की

राजधानी में पिछले दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से दिल्ली में बिगड़े हालात की समीक्षा के लिए आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी विभागों के साथ आपात बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से जलभराव और नागरिकों को हो रही समस्याओं का जायजा लिया।

बैठक में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली में तीन जगहों पर बारिश से धंसी सड़क की जांच के आदेश दिये। इसके अलावा सभी निर्माण कार्यों को तत्काल रोकने के भी निर्देश जारी किये गये हैं। नालों के मुंह में फंसे कचरे की सफाई के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सड़कों पर जाम की स्थित पैदा न हो, इसके लिए संवेदनशील प्वाइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस को अधिक फोर्स लगाने को भी कहा गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि बारिश से जलभराव और सड़कों में बने गड्ढों को ठीक करने के लिए कई फैसले लिए गए हैं।

राजधानी में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश लगातार जारी

राजधानी में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश रुक-रुककर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 107 दशमलव तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।बारिश के चलते तामपान में भी पिछले 24 घंटे के दौरान चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज का अधिकतम तापमान 31 दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं, न्‍यूनतम तापमान 25 दशमलव एक डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान दिल्‍ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने और मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। कल का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।

Related posts

Leave a Comment