रक्षा मंत्री ने कहा – सरकार का लक्ष्य 2025 तक 35 हजार करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात हासिल करना है

रक्षा मंत्री ने कहा – सरकार का लक्ष्य 2025 तक 35 हजार करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात हासिल करना है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य 2025 तक 35 हजार करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने कहा कि रक्षा विनिर्माण एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसमें आत्मनिर्भरता का लक्ष्य हासिल करना आवश्‍यक है। रक्षा मंत्री ने आज नई दिल्ली में एक बैठक में आयुध निर्माण बोर्ड की सात रक्षा कंपनियों के कामकाज की समीक्षा की। इन कंपनियों का परिचालन पिछले वर्ष पहली अक्तूबर से शुरू किया गया था।

रक्षा मंत्री ने सातों कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित करते हुए कहा कि आयुध निर्माण बोर्ड का निगमीकरण देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सुधार का बड़ा कदम है। उन्होंने इन कम्‍पनियों की सराहना करते हुए कहा कि ये पूर्ण स्वायत्तता, दक्षता और उत्‍तरदायित्‍व के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि इन कंपनियों को 2021-22 और 2022-23 के दौरान आधुनिकीकरण के लिए शेयर के रूप में दो हजार 9 सौ 53 करोड़ रूपये की राशि जारी की गई। राजनाथ सिंह ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने वर्ष 2025 तक एयरोस्पेस तथा रक्षा वस्तुओं और सेवाओं में एक लाख 75 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य रखा है।

Related posts

Leave a Comment