मिजोरम विधानसभा चुनाव में जोरम पीपुल्स मूवमेंट-जेडपीएम ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। 40 सदस्यों की विधानसभा में उसे 27 सीट मिली है। सत्तारूढ मिजो नेशनल फ्रंट ने 10 सीटें जीती हैं। भारतीय जनता पार्टी को दो सीटों पर विजय मिली है। कांग्रेस एक सीट पर विजय मिली है।
निवर्तमान मुख्यमन्त्री जोरमथंगा चुनाव हार गए हैं। जेडपीएम के लालथन सांगा ने आइजोल पूर्व-वन सीट पर उन्हें 2100 से भी अधिक वोटों से हराया। स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना भी चुनाव हार गए हैं। जेडपीएम के जेजे लालपेखलुआ ने दक्षिणी तुईपुई सीट पर उन्हें 135 वोटों से मात दी।
जेडपीएम के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदूहोमा, सेरछपि सीट से पहले ही जीत चुके हैं। 40 सीटों की मिजोरम विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 21 है। मिजोरम में 7 नवम्बर को वोट डाले गए थे और 80 प्रतिशत से अधिक मतदान रिकॉर्ड किया गया था।
ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदुहोमा ने कहा, “यह भगवान का आशीर्वाद और लोगों का आशीर्वाद है जिसके लिए मैं बहुत खुश हूं। हम पिछले साल से ही (इतनी बड़ी जीत) उम्मीद कर रहे थे। हम लोगों का मूड जानते हैं। हम जानते हैं कि वे हमारे पक्ष में हैं, कोई दावेदार ही नहीं है। उन्होंने मुझे पिछले साल ही चुन लिया था। लोगों को यह पहले ही घोषित कर दिया गया था कि अगर ZPM सत्ता में लौटती है तो लालदुहोमा सीएम बनने जा रहे हैं। यह तो लोगों को पिछले वर्ष से ही पता चल गया है। कई मुद्दे हैं, एक सरकार के रूप में हमारे पास 45 विभाग हैं जो विभिन्न चीजों की देखभाल करते हैं।