मध्य प्रदेश विधानसभा का चार दिन का वर्षा कालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। सदन के प्रधान सचिव एपी सिंह ने बताया कि विधानसभा सचिवालय को विधायकों से एक हजार एक सौ 84 प्रश्न और 236 ध्यानाकर्षण नोटिस प्रात हुए हैं।
सत्र के दौरान विधानसभा में प्रवेश के लिए कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अनिवार्य होगा। 12 अगस्त को समाप्त होने वाले सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होंगी। इस बीच, विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रविवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। सदन में शब्दों के प्रयोग पर विधायकों के लिए तैयार की गई एक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया है। अध्यक्ष ने सचिवालय परिसर में आगंतुकों के किसी भी जमावड़े को अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए हैं।