रांची में इग्लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 192 रन के लक्ष्य के जवाब में दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 40 रन बना लिए थे। कप्तान रोहित शर्मा 24 और यशस्वी जायसवाल 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। इग्लैंड की दूसरी पारी 145 रन पर सिमट गई। जाक क्रॉली ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने 30 रन की पारी खेली। भारत के लिए रविचन्द्रन अश्विन ने पांच और कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए। इग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त हासिल थी।
इससे पहले भारत ने पहली पारी में कल की रन संख्या 7 विकेट पर 219 रन से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम 307 रन बनाकर आउट हो गई। विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने 90 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 73 रन की पारी खेली। कुलदीप यादव ने 28 रन बनाए और जुरेल के साथ आठवें विकेट के लिए 76 रन की महत्वपूर्ण भागीदारी की। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने पांच और टॉम हार्टली ने तीन विकेट लिए।
पांच मैचों की श्रृंखला में भारत दो एक से आगे है।