भारत ने संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के दल में कांगो गणराज्य के मोनुस्को में तैनात दो वीर सपूतों को गंवा दिया। कल हिंसक विरोध प्रदर्शनों में सीमा सुरक्षा बल के हेड कांस्टेबल शिशुपाल सिंह और हेड कांस्टेबल सांवलराम बिश्नोई की जान चली गई।
विदेशमंत्री डॉक्टर जयशंकर ने कहा है कि वे भारत के दो वीर जवानों की जान जाने से बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि हमला करने वालों को जिम्मेदार ठहराया जाना और उनको न्याय के कटघरे में लाना चाहिए। डॉक्टर जयशंकर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक और सभी रैंक के अधिकारियों ने दोनों शांति रक्षकों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। सीमा सुरक्षा बल ने कहा है कि वे इस दुख की घडी में उनके परिवार के साथ है।