वाशिंगटन में कल रात भारत और अमेरिका के बीच 2+2 अंतरसत्रीय संवाद हुआ। आपसी संबंधों में बदलाव की गति का उल्लेख करते हुए दोनों देशों ने मिलजुल कर और संचालन व्यवस्था में सहयोग को आगे मजबूत करने के अवसरों के संबंध में चर्चा की। अमरीकी रक्षा विभाग पेंटागन के अनुसार दोनों पक्षों ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में संयुक्त समुद्री गतिविधियों के संबंध में विचार-विमर्श किया। साथ ही साथ अंतरिक्ष और साइबर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय की अपर सचिव वाणी राव और रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव विश्वास नेगी ने किया। वहीं अमरीकी पक्ष का नेतृत्व हिंद प्रशांत सुरक्षा मामलों के लिए रक्षा विभाग के सहायक मंत्री डाक्टर ऐली रेटनर और दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने किया। दोनों पक्षों के अधिकारियों ने संपूर्ण हिंद प्रशांत क्षेत्र में क्षेत्रीय सुरक्षा संबंधी गतिविधियों और सामरिक प्राथमिकताओं के संबंध में बातचीत की। 22 अंतरसत्रीय संवाद में भारत और अमरीका के बीच व्यापक स्तर पर साझेदारी से जुड़ी महत्वकांक्षी पहलों के संबंध में आगे चर्चा हुई। इसमें शामिल विषयों में प्रतिरक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी, लोगों के बीच आपसी संपर्क, स्वच्छ ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला में लचीलापन के मुद्दे भी है। दोनों पक्षों ने एक बार पुन: इस बात की पुष्टि की कि हिन्द प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी आवश्यक है।
Related posts
National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड
National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट...
RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से हो सकती है शुरुआत
RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से हो...
AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा से जुड़ी अहम बातें
AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा...