भारतीय नौसेना ने आज एडमिरलों की स्कंध-पट्टिकाओं के नये डिजाइन का अनावरण किया। भारतीय नौसेना ने बताया कि नई स्कंधपट्टिका इस महीने की शुरूआत में सिंधुदुर्ग में नौसेना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गयी घोषणा के अनुरूप है। भारतीय नौसेना का कहना है कि स्कंधपट्टिका के नये डिजाइन में अष्टकोण, नौसेना के ध्वज से लिया गया है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज की राजमुद्रा से प्रेरित है और समृद्ध समुद्री विरासत का वास्तविक प्रतिबिंब है। भारतीय नौसेना ने नये डिजाइन की स्वीकृति को गुलामी की मानसिकता से मुक्ति पर गर्व का प्रतीक बताया। यह प्रधानमंत्री मोदी के पांच प्रण के दो स्तंभों के प्रति प्रतिबद्धिता की भी पुष्टि करती है।
नये डिजाइन में गोल्डन नेवी बटन गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का संकल्प दोहराता है। अष्टकोण आठ प्रमुख दिशाओं का प्रतिनिधित्व करता है। स्वोर्ड राष्ट्र की अत्याधुनिक शक्ति पर बल देता है। टेलीस्कोप निरंतर बदलती दुनिया में दूरदृष्टि का प्रतीक है।
