भारतीय खेल प्राधिकरण-साई टोक्यो ओलम्पिक खेलों में देश के पदक विजेताओँ का आज शाम नई दिल्ली में सम्मान करेगा। सम्मान समारोह मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। 32वें ओलम्पिक खेलों का कल समापन हुआ।
टोक्यो ओलम्पिक खेलों का कल रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह में जापान की संस्कृति और परंपरा की झलक एक बार फिर से देखने को मिली। वैश्विक महामारी कोविड के दंश के बीच ग्यारह हजार पांच सौ से अधिक एथलीट, 60 हजार से ज्यादा अधिकारी और कार्यकर्ता तथा मीडियाकर्मी विश्व के सबसे बड़े खेल महाकुंभ में जुटे। एथलीटों ने पूरी दुनिया में खेल के प्रति जुनून, मित्रता और एकता की भावना की चमक बिखेरी।
समापन समारोह में कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया भारतीय दल के ध्वजवाहक थे। टोक्यो ओलम्पिक भारत के लिए अब तक का सबसे सफल ओलिंपिक रहा। भारत ने इस बार एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य सहित सात पदक जीते। नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मीराबई चानू ने वेटलिफ्टिंग में और रवि दहिया ने कुश्ती में रजत पदक हासिल किये। बैडमिंटन में पीवी सिंधु, कुश्ती में बजरंग पूनिया, बॉक्सिंग में लवलिना बोरगोहेन और पुरुष हॉकी ने देश के लिए कांस्य पदक जीते।
पदक तालिका में भारत 48वें स्थान पर रहा। अमरीका 39 स्वर्ण के साथ पहले, चीन 38 स्वर्ण लेकर दूसरे और मेजबान जापान 27 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।